पडरौना। जनपद में पड़ रही बेतहाशा उमस भरी के बीच बुधवार की रात करीब 10:30 बजे विद्युत उपकेंद्र पडरौना के मेन लाइन में इनकमिंग-टू का कनेक्टिंग केबल ब्लॉस्ट हो गया। इससे शहर समेत आसपास के गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। काफी देर तक बिजली आपूर्ति नहीं आने पर परेशान लोग देर रात को उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किए। बिजली कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मरम्मत कार्य कर रात करीब डेढ़ बजे एक साथ सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। इसके बाद लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ गई। हर 10 मिनट पर हो रहे फाल्ट को सही करने के लिए बार-बार बिजली आपूर्ति ठप करनी पड़ी, जिसकी वजह से लोगों को करवट बदलकर रात गुजारनी पड़ी।
बृहस्पतिवार की सुबह बिजली कर्मियों ने विद्युत उपकेंद्र में हुई सभी तकनीकी दिक्कतें दूर कर दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति शुरू कराई तो लोगों ने राहत की सांस ली। बीते करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। गर्मी बढ़ने की वजह से घर में पंखा, कूलर, एसी चलने से बिजली खपत बढ़ गई है।
बुधवार को सुबह से ही आसमान साफ होने सूरज की तपिश बढ़ गई थी, जिससे लोग पूरे दिन परेशान रहे। रात करीब दस बजे विद्युत उपकेंद्र की मेन लाइन में इनकमिंग-टू का कनेक्टिंग केबल ब्लॉस्ट हो गया। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। लोगों को लगा कि सामान्य फाल्ट की वजह से बिजली गायब हुई है, कुछ देर में आ जाएगी, लेकिन काफी दिनों तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुआ तो लोग गर्मी से परेशान हो उठे।
नाराज लोग विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा करने लगे। वहां मरम्मत कार्य में जुटे बिजली कर्मीयों की सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद बिजली कर्मी पुन: फाल्ट मेन लाइन की मरम्मत कार्य में लग गए। काफी मशक्कत के बाद रात करीब डेढ़ बजे इनकमिंग लाइन में हुई तकनीकी खराबी को सही कर बिजली आपूर्ति शुरू की तो एक साथ सभी फीडरों में बिजली आपूर्ति होने से मेन लाइन से जुड़ा आउट गोईंग की दो केबल ब्लॉस्ट हो गया।
इसकी वजह से टाउन वन, टाउन टू, परसौनी कला, जिला उद्योग, दुदही, सरया और पांडेय देवरिया समेत सभी सातों फीडरों से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। थोड़ी बहुत मरम्मत कर बिजलीकर्मियों ने बिजली आपूर्ति शुरू कराई तो पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय, खिरया टोला, बेलवा चुंगी और बलूचहां समेत कई स्थानों पर फाल्ट होने लगा। इसकी वजह से हर 10 से 15 मिनट पर लोकल फाल्ट होने लगा। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी से परेशान शहर के लोगों को रात भर करवट बदल कर रात गुजारनी पड़ी।
बृहस्पतिवार की सुबह बिजली कर्मियों ने आउट गोईंग की ब्लॉस्ट केबल सही कर दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की तो बिजली की समस्या से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली समस्या से परेशान अखिल भारतीय व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सचिन चौरसिया ने कहा कि बीते एक सप्ताह से शहर के लोग बिजली समस्या से परेशान हैं। इसकी शिकायत बिजली निगम के एक्सईएन संजय सागर, सदर विधायक मनीष जायसवाल से अवगत कराया गया है। संगठन के माध्यम से जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से मिलकर बिजली समस्या से अवगत कराया जाएगा।
रामधाम विशुनपुरा उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं ने दिया धरना
पडरौना। रामधाम विशुनपुरा बिजली घर पर पृथ्वीराज चौहान वार्ड के उपभोक्ताओं ने सात सूत्री मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर आए एक्सईएन ने तीन दिन के भीतर लोगों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। जंगल विशुनपुरा और जंगल बकुलहा गांव को पडरौना नगर में शामिल कर दिया गया है। इस वार्डों की बिजली आपूर्ति 15 किमी दूर मनिकौरा बिजली उपकेंद्र से होती है। करीब दस महीने पहले उपभोक्ताओं ने रामधाम विशुनपुरा से आपूर्ति शुरू करवाने की मांग किए थे, लेकिन बिजली निगम के जिम्मेदार उस पर ध्यान नहीं दिए।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दिया था कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना देंगे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे वार्ड सभासद प्रतिनिधि सोनू राज कुशवाहा की अगुवाई में पहुंचे उपभोक्ता रामधाम बिजली घर परिसर में धरने पर बैठ गए। सूचना पर आए एक्सईएन संजय सागर ने तीन दिन के भीतर लोगों की समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर उपभोक्ताओं का धरना समाप्त हुआ। इस दौरान सागर राय, विपिन कुशवाहा, शुभम गुप्त, सिकंदर, दीपक, ताहिर, भोला, विद्यावती आदि मौजूद रहे।