समउर बाजार। बरई राजवाहा में पांच वर्ष से पानी नहीं पहुंचा है। परेशान किसानों ने सिंचाई मंत्री और विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर नहर में पानी छोड़वाने की मांग की है।
बरई राजवाहा में पानी नहीं आने से किसानों को धान की बेहन, गन्ना, मक्का, उड़द आदि फसलों की सिंचाई के लिए निजी संसाधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्र के बसरुदीन सिद्दीकी, मोहम्मद जहीर, क्यूम अहमद, सहाबुदीन, रियत हुसैन, अहमद रजा, किरन शर्मा, गुलाम गौस, शिव प्रसाद, पप्पू मिश्रा, गुडडू सिद्दीकी, खुर्शीद आलम आदि ने बताया कि बरई राजवाहा से सिमवा महंथ, पिपरा कनक, हसनपुरा, बोदा टोला, धुसवा, करजहां, बरई पट्टी, काजीपुर, बैरगही आदि गांव के किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। लेकिन इसमें पानी नहीं आने से किसानों को पंपिंग सेट से सिंचाई करनी पड़ती है। इन किसानों को सिंचाई मंत्री और विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजे गए पत्र में चेताया कि यदि तीन दिन में पानी नहीं छोड़ा गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ रमायन पांडेय ने बताया कि किसानों की शिकायत संज्ञान में है। प्रयास किया जा रहा है कि हेड से टेल तक पानी पहुंचा कर समस्या का समाधान कर दिया जाए।