प्रदेश स्तरीय तैराकी में रजत पदक विजेता श्रेजल का सम्मान करते ग्रामीण
जानकीनगर। अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत पदक जीतकर गांव पहुंचने पर महाराजा अग्रेसन बालिका इंटर मीडिएट काॅलेज देवरिया में दसवीं की छात्रा व क्षेत्र के पडरौना विकास खंड के कोहड़ा गांव निवासी श्रेजल गुप्ता पुत्री अरविंद गुप्ता का शुक्रवार को ग्रामीणों ने स्वागत किया। ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता उर्फ मुन्ना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने फूल माला व मेडल पहनाकर श्रेजल का सम्मान किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए। ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं हैं। अगर उन्हें उचित मंच मिलें तो वह भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने से पीछे नहीं हटेंगे। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर गांव की बेटी श्रेजल ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर यह साबित कर दिखाया है। इस दौरान पूर्व प्राचार्य तेज प्रताप सिंह, शिक्षक अखिलेश सिंह, मनोज सिंह, नवीन गुप्ता, दिनेश गुप्ता आदि लोग मौजूद रहें।
-
श्रेजल को विरासत में मिली है खेल
श्रेजल के पिता अरविंद गुप्ता राष्ट्रीय स्तर के तैराक हैं, जबकि माता संध्या गुप्ता भी राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी हैं। छोटे भाई आयुष गुप्ता राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं, वहीं छोटी बहन अंशिका गुप्ता ने तैराकी में स्पोर्ट्स हॉस्टल, लखनऊ में स्थान बनाकर वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। ग्राम सभा कोहाड़ा के लोगों ने श्रेजल सहित पूरे परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परिवार आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की क्षमता रखता है।