-सीट से अधिक सवारी बैठाने और बसों में सामान रखने से होती हैं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। रोडवेज बसों के चालक और परिचालकों के अनाधिकृत रूप से पार्सल और सामान पहुंचाने के चक्कर में यात्रियों को लेट लतीफी का सामना करना पड़ता है। कई बार तो विलंब होने से यात्रियाें की ट्रेन भी छूट जाती है या तय समय पर नहीं पहुंचने पर जरूरी कार्य नहीं हो पाते हैं। इस मनमानी व्यवस्था को लेकर रोडवेज बस से यात्रा करने वाले लोगों में नाराजगी है। शिकायत के बाद भी विभागीय अफसर इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं।
रोडवेज बसों में चालक और परिचालकों की मनमानी के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तय स्थान पर बसें तो रुकती नहीं हैं। चंद रुपये की लालच में लोगोंं का पार्सल देने के लिए जगह-जगह बसें रोकते हैं। इसके चलते यात्री विलंब से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। कसया से गोरखपुर अनुबंधित बस में जा रहे रामकृपाल ने बताया कि जगह-जगह बस को चालक रोक रहे हैं। इसके चलते गर्मी में परेशानी हो रही है। सीट से अधिक सवारी भी बस में बैठा ली गई हैं। ऐसे में चालकों की मनमानी से दिक्कतें हो रही हैं।
मथौली क्षेत्र के अर्जुन ने बताया कि वह जिला मुख्यालय रविंद्र नगर में एक निजी विभाग के कार्यरत हैं। हाटा से वह प्रतिदिन रोडवेज बस से आते जाते हैं। सुबह घर से निकलने के बाद भी कई दिन ऑफिस पहुंचने में देर हो जाती है। क्योंकि रोडवेज के चालक और परिचालक गोरखपुर से पार्सल और पैकेट लेकर आते हैं। उन्हें देने के लिए कई बार भड़कुलवा चौराहा, कभी हेतिमपुर तो कभी कुशीनगर में बस को रोक देते हैं। बस तब तक आगे नहीं बढ़ती है जब तक पार्सल लेने वाला आ नहीं जाता है। क्योंकि ऐसे पार्सलों का रुपया सीधे चालकों और परिचालकों की जेब में जाता है।
सुकरौली क्षेत्र के हिमांशु ने बताया कि रोडवेज के चालकों की वजह से एक माह पहले उनकी ट्रेन छूट गई। उन्हें लखनऊ जाना था। सुकरौली से उन्होंने रोडवेज की बस पकड़ी। उन्हें भरोसा था कि समय से वह पहुंच जाएंगे, लेकिन बस सोनबरसा में 20 मिनट रुक गई। क्योंकि जिस आदमी को पार्सल लेना था वह पहुंचा नहीं था। चालक बार-बार उसे फोन कर रहा था। पार्सल रिसीव करने वाले के आने के बाद ही बस रवाना हुई। इस दौरान कई अन्य यात्रियों ने नाराजगी जताई थी।
-
पार्सल ले जाना अवैध है। ऐसी शिकायत मिलने पर चालक और कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी। अगर किसी यात्री इससे परेशानी हो रही हो तो वह शिकायत कर सकता है।
-राकेश कुमार, एआरएम