पडरौना। शहर के सुभाष चौक स्थित पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर स्थित दो दुकान में शनिवार की रात चोरी हो गई। रविवार को दुकान पर पहुंचे दुकानदारों को इसकी जानकारी मिली। सूचना पर आई पुलिस जांच में जुटी है।
पडरौना शहर के तुलसी आवास विकास कालोनी उदयभान सिंह पडरौना-कसया मार्ग पर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पहले साहू सिनेमा के सामने कैलोरी किचन व मिठाई महल की प्रतिष्ठित दुकान संचालाते हैं। वे प्रतिदिन की तरह शनिवार की रात दुकान बंद करके घर चले गए। रविवार की सुबह दुकान पर पहुंचे तो दुकान व काउंटर में रखा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, चोर दुकान के पीछे से घुस कर दोनों दुकान के काउंटर में रखा दो लाख नगदी, दो लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर के अलावा 20 किलो पिस्ता, काजू तथा बादाम के पैकेट आदि उठा ले गए।
उन्होंने पडरौना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर डॉ. अजय कुमार सिंह, कोतवाल हर्षबर्धन सिंह, चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने पहुंच कर जांच की। इधर शहर के सुभाष चौक पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर हुई दुकान में चोरी की जानकारी होने पर लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। इस संबंध में कोतवाल हर्षबर्धन सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के पर्दाफाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। इस मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। शीघ्र चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।