पटहेरवा थाने के बगल में स्थित संस्था का ताला तोड़कर चोर नकदी समेत सामान उठा ले गए।
- फोटो : KUSHINAGAR
कप्तानगंज और पटहेरवा क्षेत्र में चोरी
गैस एजेंसी और संस्था के कार्यालय में हुई घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। शनिवार की रात कप्तानगंज और पटहेरवा क्षेत्र में चोरी हो गई। कप्तानगंज में गैस एजेंसी से चोर सीसीटीवी का हार्ड डिस्क व मोबाइल आदि उठा ले गए तो पटहेरवा क्षेत्र में संस्था के कार्यालय से 1.75 लाख नकदी, इंवर्टर, सीपीयू, बैट्री आदि चोरी चली गई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार, सुुुुभाष नगर में इंडियन गैस सर्विस के कार्यालय के शटर का ताला तोड़कर शनिवार की रात चोर घुस गए और आलमारी, काउंटर आदि तोड़ कर सीसीटीवी का हार्ड डिस्क और मोबाइल उठा ले गए। महत्वपूर्ण कागजात भी तितर-बितर कर दिया था। प्रबंधक रुद्र प्रताप सिंह ने पुलिस का तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि गैस एजेंसी में चोरी की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
पटहेरवा/पिपराकनक प्रतिनिधियों के अनुसार मेहंदिया गांव निवासी ज्ञानचंद्र यादव पटहेरवा चौराहे पर जनशक्ति निधि लिमिटेड का कार्यालय खोले हैं। शनिवार की रात चोरों ने कार्यालय का ताला तोड़कर 1.75 लाख रुपये, सीपीयू, इंवर्टर, बैट्री समेत कई सामान चुरा ले गए। रविवार को जानकारी हुई। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।