कुुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग की घटना
पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचकर की जांच-पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुबेरस्थान। थाना क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग गांव के गुप्ता टोला में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों में हाथ साफ किया। इन घरों से नकदी और कीमती सामान चुरा लिया। गृहस्वामियों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
सखवनिया बुजुर्ग चौराहे पर सुनील गुप्ता का मकान है। रात में खाना खाकर सभी लोग अपने अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह लगभग 4:00 बजे सुनील की मां टहलने जाने के लिए उठीं तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। घर में रखा बॉक्स टूटा हुआ था। उसमें रखी पायल, कंगन, चेन, मंगलसूत्र, हार, अंगूठी सहित 15 हजार रुपये नकद गायब थे। इसकी जानकारी होने पर अगल-बगल के लोग एकत्र हुए।
इस गांव के बृजलाल पटेल ने भी बताया कि उनके घर में भी चोर घुसे थे। उनके घर से दस हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी हुए हैं। सुनील के परिवारवालों ने डॉयल 112 नंबर की पुलिस को सूचना दी। उसके बाद कुबेरनाथ के थानाध्यक्ष को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष शमशेर यादव ने जांच की। उनकी सूचना पर पहुंचे डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की।
फॉरेंसिक टीम की फील्ड यूनिट के शिव आश्रय कुशवाहा, डॉग स्क्वॉड के अवधेश यादव, स्थानीय थाने के एसआई सोनकर व अमेरिका यादव और अभिषेक यादव शामिल रहे। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष शमशेर यादव ने बताया कि बहुत जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।