आभूषण की दुकान में टिनशेड हटाकर चोरी
- छितौनी पुलिस चौकी से दो सौ मीटर दूरी पर हुई घटना
छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के छितौनी पुलिस चौकी से महज दो सौ मीटर की दूरी पर ज्वेलरी की दुकान में चोरी हो गई। टिनशेड हटाकर दुकान में घुसे चोर छह हजार नकदी और करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई। उनकी सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
नगर पंचायत छितौनी निवासी आशीष वर्मा पुत्र देव कुमार वर्मा की धर्मशाला के पास ज्वेलरी की दुकान है। सोमवार शाम वह दुकान बंद करके चले गए। मंगलवार को वह इलाज कराने गए थे। इसलिए उनकी दुकान नहीं खुली। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि टिनशेड तोड़कर दुकान में घुसे चोर नकदी, ज्वेलरी सहित अन्य सामान उठा ले गए हैं। आशीष ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो सामने आया कि सोमवार की रात आठ बजे दुकान में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।