मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बरवा पुर्दिल गांव में प्रेम प्रसंग में पिटाई से आहत युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में मृत युवक की मां ने युवती के जीजा समेत छह लोगों पर मारपीट और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर मिलने से इनकार कर रही है। वहीं गांव में पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी ली। युवती के घर की महिलाओं से भी पूछताछ की।
बरवा पुर्दिल गांव निवासी सैफुल्लाह की पत्नी अख्तरी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव की एक युवती से बेटा सैदुल्लाह बात करता था। दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों परिवार के लोगों को इसकी जानकारी भी थी। कुछ दिनों से युवती के परिजन और युवती का जीजा बार-बार बेटे के पास फोन कर धमकी देते थे। घटना के दिन गांव के बाहर पुलिया के पास धोखे से बुलाकर युवती के परिजनों ने पिटाई किया। दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी युवती के जीजा ने दिया।
युवती के परिजनों के प्रताड़ता से तंग आकर बेटे ने खुदकुशी कर लिया। इसकी जांच कराई जाए और युवती के जीजा व परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया जाए। अख्तरी देवी ने पुलिस को तहरीर दिया है। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है, आरोप के आधार पर जांच कराई जा रही है।