नेबुआ नौरंगिया। थाना क्षेत्र के चितहा गांव निवासी 35 वर्षीय अविनाश की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना चखनी भोज अंचल अंतर्गत छपरा गांव की बताई जा रही है।
शुक्रवार को युवक ससुराल गया था और दोपहर बाद करीब दो बजे उसका शव एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। जानकारी मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ससुराल पक्ष में भी मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि अविनाश और उसकी पत्नी के बीच बीते कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने बताया कि अविनाश की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी का कुछ समय पहले देहांत हो चुका था, जिसके बाद उसने दूसरा विवाह किया था। हाल के दिनों में पारिवारिक तनाव की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान, मौके की स्थिति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।