उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव करमैनी में मंगलवार की रात घर में घुसे युवक को चोरी करते घर वालों ने पकड़ लिया। शोर सुनकर जुटे गांव के लोगों ने उसकी धुनाई की और डॉयल 112 पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पकड़ा गया युवक दिन में फेरी लगाकर नारियल बेचता है।
करमैनी गांव निवासी पीड़ित असगर अली के परिजनों का कहना है कि सभी लोग मंगलवार की रात खाना खाने के बाद सो रहे थे। रात करीब दो बजे घर में किसी व्यक्ति के घुसे होने की आहट मिली तो असगर अली की नींद खुल गई। जिस कमरे से खटपट की आवाज आ रही थी, उस कमरे में जाकर उन्होंने देखा तो एक युवक घर में रखें बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान टटोल रहा था।
उन्होंने हिम्मत जुटाकर युवक को पकड़ लिया और शोर मचाने लगे। परिवार के अन्य सदस्यों की भी नींद खुल गई। अगल-बगल के घरों के लोग भी शोर सुनकर पहुंच गए। गांव वालों ने पहले तो युवक की धुनाई की और बाद में पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया। युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। दिन में वह फेरी लगाकर गांवों में नारियल बेचता है। उसकी पहचान गोपालगंज के कटेया गांव निवासी के रूप में हुई है। इस संबंध में एसओ राकेश रोशन सिंह ने बताया कि हिरासत में लेकर संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है।