तमकुहीरोड। क्षेत्र के रकबा जंगलीपट्टी गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। गांव वालों और फायर ब्रिगेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस आगलगी में चार लोगों की रिहायशी झोपड़ियां और उसमें रखा घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
सेवरही थाना क्षेत्र ग्राम सभा रकबा जंगलीपट्टी में पानी टंकी टोले में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। उस समय लोग रात का खाना बनाने के इंतजाम लगे थे। आगलगी की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बुटाई निषाद समेत सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच कर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए। लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। गांव वालों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया। इसमें रामप्रवेश निषाद, ब्रिजानंद निषाद, बालेश्वर निषाद, प्रद्युम्न निषाद की झोपड़ियां और उसमें रखा घर-गृहस्थी का सामान कपड़ा, अनाज आदि जलकर राख हो गया। सूचना पाकर तमकुहीराज के तहसीलदार चंदन शर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक जयंत गुप्ता, लेखपाल वेदप्रकाश उपाध्याय व पिपराघाट पुलिस चौकी के सिपाही भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिजनों को रहने व खाने-पीने का इंतजाम करा दिया गया है। बुधवार को प्रभारी राजस्व निरीक्षक व लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।