खड्डा। क्षेत्र में बारह दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल युवक की गोरखपुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। 14 मई को खड्डा कस्बे से बरात जाने के लिए रानू मौर्य, हेमंत मद्धेशिया, ऋतिक कुमार तीनों बाइक से निकले थे। पडरौना कस्बे के आगे रविन्द्र नगर धूस के पास एक कार की ठोकर लगने से तीनों घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में रानू (25) व ऋतिक (22) को ज्यादा चोट लगी थी। हालत गंभीर देख दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। सोमवार की सुबह रानू ने दम तोड़ दिया। ऋतिक का इलाज चल रहा है। हेमंत को ज्यादा चोट नहीं लगी थी। रानू की मौत से परिवार से चीख-पुकार मच गई। रानू दो भाइयों में बड़ा था। दुर्घटना में मृत युवक रानू का शव सोमवार शाम को घर पहुंचा। गंडक नदी के तट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।