कर्मचारी को घेरकर खड़ी महिलाएं। स्रोत-सोशल मीडिया
गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बैकुंठपुर कोठी में बुधवार को महिलाओं ने ठगी करने का आरोप लगाते हुए एक निजी कंपनी के कर्मचारी को घेर कर उसे बैठा लिया। इसकी सूचना पाकर मौके पर आई डॉयल 112 पुलिस टीम पहुंची और महिलाओं से कर्मचारी को छुड़वाया।
क्षेत्र की मठिया माफी गांव निवासी तबस्सुम खातून, कोकिल पट्टी निवासी उजाला खातून, बैकुंठपुर निवासी गीता देवी, नीतू, रंगीता रानी, तेतरी, करिश्मा, चांदनी, मुस्कान देवी, अंतिम देवी, सविता, अंतिमा देवी का आरोप था कि कंपनी ऑफिस में बुलाकर उनसे 100 रुपये, 500 रुपये और 25 हजार रुपये जमा कराने के बाद कुछ सामान देती है। महिलाओं को आरोप है कि पैसा लेने के बाद कम सामान दिया जा रहा है।
इस मामले में बुधवार को जब कंपनी का एक कर्मचारी बैकुंठपुर कोठी गांव पहुंचा तो पीड़ित महिलाओं ने उसे घेर कर बैठा लिया। जहां एक घंटे तक महिलाओं व कंपनी के कर्मचारी के बीच हंगामा होता रहा।
इसकी सूचना डायल 112 को दी गई, सूचना पर आई पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी को महिलाओं के बीच से मुक्त कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने कहा कि इस तरह की घटना की जानकारी नहीं है, तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।