रामकोला। थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता मंगलवार की रात नवजात को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिजनों ने उसकी काफी खोज बीन की लेकिन वह नहीं मिली। थक-हार कर परिजनों ने रामकोला पुलिस को तहरीर देकर गांव के एक युवक पर भगाने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के खोटही गांव के हरदी छपरा पूरबी टोला निवासी एक व्यक्ति की पत्नी मंगलवार की देर रात अपने नवजात बच्चे को घर में छोड़कर चली गई। देर रात जब नवजात सो कर उठा तो अपनी मां को ढूंढने लगा लेकिन मां के नहीं मिलने पर रोने लगा। नवजात के रोने की आवाज सुनकर परिजन उठे तो देखे कि उसकी मां घर में नहीं है। परिजनों ने उसको चारों ओर खोज बीन किया। बुधवार को भी परिजनों ने सगे संबंधियों और रिश्तेदारों के यहां खोजा, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने बृहस्पतिवार को इसकी तहरीर रामकोला थाने पर देकर कार्रवाई मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उनके गांव का ही एक युवक महिला को भगा ले गया है। आरोप है कि मंगलवार रात महिला घर से 15 हजार नकद, कपड़े और गहने लेकर कहीं चली गई है। इस संबंध में सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने बताया है कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।