पडरौना/खड्डा। करीब 30 लाख की लागत से नगर पंचायत खड्डा की तरफ से बनवाई जा रही कूड़ा डंपिंग ग्राउंड (एमआरएफ) में गुणवत्ता की कमी मिली है। इसको गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत के ईओ और जेई ने निर्माण कंपनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
खड्डा नगर पंचायत से निकलने वाले कूड़ा को निस्तारित करने के लिए ग्राम सभा तुर्कहा में सरकारी जमीन पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमआरएफ ) का निर्माण करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। निर्माण करने वाले ठेकेदार की तरफ से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी की जा रही है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कार्य स्थल पर सफेद बालू, खराब ईंट और सीमेंट की कम मात्रा आदि का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बता रहा है कि लोग कह रहे हैं कि योगी सरकार कहती है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेन्स की नीति है, जबकि धरातल पर इसके विपरीत निर्माण कार्य हो रहा है। मामला संज्ञान मेें आने पर नगर पंचायत के ईओ और जेई ने जांच किया। जांच के दौरान वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप सही मिला। इसको गंभीरता से लेते हुए निर्माण कंपनी को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने भुगतान में कटौती करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संतोष वर्मा का कहना है कि इस मामले में अवर अभियंता से जांच कराई गई है। इसमें प्रथम दृष्टया गुणवत्ता में कमी पाई गई है। निर्माण करने वाले कंपनी को नोटिस देकर सुधार करने को कहा गया है।