फाजिलनगर। घर से लापता जिस महिला की लाश सड़क किनारे झाड़ी में मिली थी। उसकी मौत सिर और चेहरे पर चोट लगने से हुई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रविवार को हुई। घर वाले दाह संस्कार के बाद पुलिस को सोमवार को तहरीर देंगे।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के लक्षिया गांव निवासी संजय गौड़ की 45 वर्षीय पत्नी शनिचरी देवी शुक्रवार की शाम घर से किसी काम से निकली और देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। शनिवार को दोपहर में चौराखास थाना क्षेत्र के नहर की पटरी के किनारे झाड़ी में लाश देखा। इसकी जानकारी होने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। महिला के हाथ में मोबाइल पड़ा था और कुछ दूरी पर चप्पल था। चोट लगने से उसके चेहरे पर सूजन आ गया था और काला पड़ गया था। मोबाइल के जरिए घर वालों को पुलिस ने सूचना दी। मौके पर पहुंचे घर वाले हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बात कह कार्रवाई से हाथ पीछे खींच लिया। हालांकि भूसा बनाने को लेकर गांव में किसी से विवाद होने का भी आरोप परिजन लगाए। जांच की बात कहते हुए पुलिस ने महिला की मोबाइल को कब्जे में ले लिया। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर तीन जगह चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। रविवार की शाम को घर वाले शव का दाह संस्कार कर दिए। घटना के बाद से ही पुलिस कार्रवाई से बच रही है और मामले को दूसरे तरफ मोड़ रही है। अगर पुलिस महिला के मोबाइल का कॉल डिटेल जांच करे तो घटना में शामिल लोगों का चेहरा बेनकाब हो जाएगा। शनिचरी के पति ने बताया कि दाह संस्कार के बाद पुलिस को तहरीर दूंगा। पत्नी की हत्या कर शव झाड़ी में फेंका गया है। केस दर्ज कर पुलिस निष्पक्ष तरीके से इसकी जांच करें। एएसपी रितेश सिंह ने बताया कि परिजन तहरीर अभी नहीं दिए हैं। तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत इंस्पेक्टर चौराखास चंद्र भूषण का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिलने से पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।