समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बनकटा बाजार क्षेत्र के बलियवा में ग्रामीणों ने सड़क पर ब्रेकर लगवाने की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने चेताया कि मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान संजय यादव व बुलट यादव की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे गांव के सुभाष यादव, सुरेश यादव, सिंहासन प्रसाद, सूरज कुशवाहा, आशीष सिंह कुशवाहा, सिकंदर प्रसाद, राबड़ी देवी, अतवारी, सुभावती देवी, मानकी देवी आदि ने कहा कि फाजिलनगर-बनकटा बाजार मार्ग बिहार राज्य को जोड़ती है। दो प्रदेशों को जोड़ने के कारण इस सड़क पर देर रात तक वाहनों का आवागमन रहता है।
गांव के चौराहे पर तीव्र मोड़ होने से रात में आने वाले वाहनों को सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। इसकी वजह यहां छोटी-मोटी दुर्घटना होती रहती हैं। 21 जून को इस चौराहे के पास हुई सड़क दुर्घटना में कोइलसवा बुजुर्ग गांव के शंभु यादव की मौत हो गई थी। यदि मोड़ के दोनों तरफ ब्रेकर लग जाए तो इन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन मृत्युंजय झा ने बताया कि फाजिलनगर-बनकटा मार्ग पर ब्रेकर बनवाने के लिए कुछ लोगों ने मांग की गई है। जांच कर शीघ्र ही ब्रेकर लगवा दिया जाएगा।