मंसाछापर। सीएमओ के निर्देश पर बुधवार की शाम को कुबेरस्थान के सीएचसी प्रभारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम दो निजी अस्पतालों पर जांच के लिए पहुंची। टीम के आने की भनक लगते ही संचालक अस्पताल बंद कर भाग गया। टीम को शक था कि अस्पताल में अंदर लोग हैं, इस पर पुलिस को बुलाए। पुलिस के आने के बाद भी अंदर से दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद टीम लौट गई।
खिरकिया बाजार में कुछ दिनों पहले एक निजी अस्पताल पर प्रसव के दौरान हालत बिगड़ने पर महिला की मौत हो गई थी, जबकि नवजात बच गया था। शव रखकर नाराज लोगों ने हंगामा भी किया था। वही दो दिनों पहले बिना बोर्ड और नाम के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की हालत बिगड़ गई थी और कुछ देर बाद नवजात की मौत हो गई थी। महिला के घरवालों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही बरती गई थी, जिसके कारण पेट में ही नवजात की मौत हो गई थी, बाद में दूसरे अस्पताल पर इलाज के बाद महिला स्वास्थ्य हुई।