- नगर पालिका के जलकल परिसर में प्रदर्शन कर की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर पालिका पडरौना के सफाईकर्मियों ने विभिन्न मांगों के संबंध में शुक्रवार की दोपहर जलकल में धरना-प्रदर्शन किया। सातवां वेतन आयोग का एरियर, छुट्टी नहीं मिलना, समय से मानदेय नहीं मिलना, सहित अन्य मांगों के संबंध में सदर एसडीएम, ईओ को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार की दोपहर 100 से अधिक सफाईकर्मियों ने जलकल परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की। इसमें उन्होंने बताया कि नगर पालिका में 250 से अधिक सफाईकर्मी हैं। 2017 से सातवां वेतन का एरियर बकाया चला आ रहा है। अभी तक इसका भुगतान नहीं हो सका है। स्थायी कर्मचारियों का सीएल 14 दिन, ईएल 31 दिन शासनादेश के अनुसार अवकाश मिलता है। संविदाकर्मी को एक वर्ष में 20 दिन की छुट्टी मिलने का नियम है। लेकिन तबीयत खराब होने, इमरजेंसी, और रविवार को छुट्टी नहीं दी जाती है। जबकि इसके कुछ साल पूर्व तत्कालीन अधिशासी अधिकारी आशुतोष द्विवेदी की ओर से सफाई कर्मचारियों का लिखित तौर पर रविवार को अवकाश का पूरा दिन दिया जाता था। शासन से जो सुविधा मिलती है। वह भी उन लोगों तक नहीं पहुंच पाती है। वर्ष 2021 एवं 2022 का बोनस अभी तक भुगतान नहीं हो सका है। वेतन से पैसा कट जा रहा है, लेकिन पीएफ के खाते में जमा नहीं हो रहा है। समय पर वेतन नहीं मिल पाता है। एक वर्ष में कसया हाटा, कप्तानगंज में नगर पालिका के सफाईकर्मियों को दो सेट में वर्दी मिलती है, मगर पडरौना नगर पालिका में गर्मी व जाड़े की वर्दी एक ही सेट मिलती है, वह भी समय से नहीं दी जाती है। इस दौरान गोरख प्रसाद, राजबिहारी,विनोद, जितेंद्र, शंकर, जयचंद्र, महेश, रीना,कलावती सहित अन्य सफाईकर्मी मौजूद रहीं।