फाजिलनगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को सुमही और बदुराव गांव में आयोजित टीकाकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण की जमीनी हकीकत परखी। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. उमाशंकर नायक के निरीक्षण में सुमही गांव में कुछ परिवारों द्वारा जानकारी के अभाव में बच्चों का टीकाकरण नहीं कराने का मामला सामने आया। अधीक्षक ने संबंधित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें टीकाकरण के महत्व और बच्चों को टीके नहीं लगवाने से होने वाले संभावित नुकसान की जानकारी दी। भ्रांतियों को दूर करते हुए बच्चों के नियमित टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। समझाने के बाद परिवार के सदस्यों ने बच्चों का टीकाकरण कराया।निरीक्षण के दौरान अधीक्षक ने टीकाकरण सत्र में लगे स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि पात्र बच्चों का शत -प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, प्रशांत शर्मा, अनुराग मिश्रा, विनोद यादव, आशीष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद