नगर के उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण कराने के लिए बृहस्पतिवार को संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें मतदान के दिन की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को ड्यूटी बांटी गई।
कॉलेज के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ.अशोक कुमार सिंह ने छात्रसंघ चुनाव के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस कार्य में गुरुजनों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व के निर्वहन करने की अपेक्षा की।
छात्रसंघ चुनाव के लिए नामित निर्वाचन अधिकारी डॉ. दुक्खी शुक्ल ने मतदान के लिए संबंधित स्टॉफ को सौंपी गई जिम्मेदारी की जानकारी दी। बैठक में डॉ. रामनरेश दुबे, डॉ. भुवाली सिंह, डॉ. अयोध्यानाथ त्रिपाठी, डॉ. जेपी जायसवाल, डॉ. पीके सिन्हा, डॉ. संजय सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान कार्यालय प्रमुख डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, विजय शंकर लाल, संजय सिंह, मनीष कुमार सिंह, अखिलेश, मनोज साहा, समशेर मल्ल, प्रमोद, प्रभुनाथ ठाकुर, देवानंद आदि मौजूद थे।
छात्रसंघ के मतदान को लेकर रही गहमा गहमी
चौबीस सितंबर को छात्रसंघ के मतदान को लेकर बृहस्पतिवार को उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में काफी गहमा गहमी रही। छात्र संघ के उम्मीदवारों ने अपने प्रचार प्रसार के लिए छात्रों से समर्थन की पुरजोर अपील की।
उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों के लिए 24 सितंबर को मतदान होना है। सभी पदों के लिए उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी की है। बृहस्पतिवार को इसे लेकर कई उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर से जुलूस निकाला। समर्थक जीप, बाइक और पैदल ही अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए नगर भ्रमण किए। इस दरम्यान छात्रनेताओं और उनके समर्थकों ने छात्र-छात्राओं से मिलकर अपने पक्ष में वोट की अपील की। दोपहर से शाम तक हालत यह रही कि नगर के सभी प्रमुख मार्ग जाम के हवाले रहे। रामकोला रोड स्थित एक पेट्रोलपंप के सामने तो दो उम्मीदवारों के समर्थक आमने सामने भी हो गए, लेकिन थोड़ी देर में समर्थक शांत हो गए और आगे बढ़ गए। इस बीच नगर में जगह-जगह जाम लग जाने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं।