कुशीनगर। उत्कर्ष हत्याकांड में फरार चल रहे छठवें आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद छह में से पांच आराेपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कुबेरस्थान क्षेत्र के सेमरा हर्दो गांव निवासी 39 वर्षीय उत्कर्ष सिंह की 29 अगस्त की रात में हत्या कर दी गई थी। उत्कर्ष के पिता व आरएसएस के जिला सह संघचालक इंद्रजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सच्चिदानंद यादव, चंद्रदीप यादव, श्रीनिवास यादव उर्फ बुल्लू, ज्ञान उर्फ ज्ञानेंद्र यादव, राजू यादव और गोविंद यादव समेत अज्ञात के विरुद्ध हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की रात ही नामजद सच्चिदानंद, चंद्रदीप, श्रीनिवास व ज्ञान उर्फ ज्ञानेंद्र यादव समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राजू यादव व गोविंद यादव फरार चल रहे थे। हाल में राजू को यूपी-बिहार बार्डर पर बरवापट्टी बाजार से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गोविंद फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें संभावित जगहों पर छापेमारी कर रहीं थीं।