जेएमएस एकेडमी को बंद कराते एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता व बीईओ राजेश कुमार। स्रोत -सोशल मीडिया
लक्ष्मीगंज। क्षेत्र के खोटही गांव के भरपटिया राजपुर चौराहा स्थित जेएमएस एकेडमी को पूर्व में नोटिस देने के बाद भी विद्यालय संचालित हो रहा था। मंगलवार को एसडीएम कप्तानगंज और बीईओ रामकोला ने विद्यालय को बंद करा दिया। बच्चों को वापस घर भेजवाया और सरकारी स्कूलों में नामांकन कराने की सलाह दी। एसडीएम ने प्रबंधक को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा स्कूल संचालित मिला तो केस दर्ज कराया जाएगा।
एसडीएम कप्तानगंज विनोद कुमार गुप्ता और बीईओ रामकोला राजेश कुमार राजपुर भरपटिया चौराहा स्थित जेएमएस एकेडमी पर पहुंचे। प्रबंधक से स्कूल की मान्यता की कापी मांगी, लेकिन प्रबंधक ने पेपर दिखाने में असमर्थता जताई। इसके बाद अधिकारी कक्षा में पहुंचे और बच्चों को घर वापस जाने के लिए कहा। साथ ही प्रबंधक को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा स्कूल बिना मान्यता के संचालित मिला तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
इस दौरान विद्यालय के गेट पर नोटिस भी चस्पा किया गया। अधिकारियों के इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने बताया कि स्कूल संचालक को चेतावनी दिया गया है। दोबारा स्कूल खोला तो उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।