तरयासुजान। क्षेत्र के जमसड़िया गांव में बिना मान्यता के संचालित सुभाष चंद्र बोस जूनियर हाईस्कूल को तमकुहीराज एसडीएम ने सील कर दिया। विद्यालय को पहले ही नोटिस जारी कर स्कूल बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन प्रबंधक विभाग की तरफ से मिले नोटिस को अनदेखा कर संचालित कर रहे थे।
बुधवार को एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा और बीईओ डाॅ. प्रभात चन्द्र राय ने जमसड़िया स्थित सुभाष चन्द्र बोस जूनियर हाईस्कूल की जांच की। संचालक से विद्यालय की मान्यता संबंधि प्रपत्र मांगे, लेकिन वे उपलब्ध नहीं करा सके। इसको गंभीरता से लेते हुए मुख्य द्वार पर ताला जड़वाया और बच्चों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अव्यवस्था और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, जो भी संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और बच्चों का भविष्य सर्वोपरि माना जाएगा। बीईओ डॉ. प्रभात चन्द्र राय ने कहा कि मान्यता विहीन विद्यालय शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं।