पीड़ित को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा (कुशीनगर)। तहसील परिसर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की तरफ से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। इसमें तहसील इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए अधिवक्ताओं को बार और बेंच के बीच तालमेल स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को न्याय दिलाना चाहिए।
विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने कहा कि तहसील भवन निर्माण में आने वाली परेशानियों का समाधान कराया जा रहा है। शीघ्र तहसील भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम को पूर्व विधायक दीपलाल भारती, एसडीएम अरविंद कुमार, तहसीलदार डॉ. एसके राय, वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व डीजीसी सुरेंद्र मिश्रा आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता अमियमय मालवीय ने किया। इसके बाद बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विपिन लाल श्रीवास्तव, महामंत्री अवधेश यादव समेत नए पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान डॉ. निलेश मिश्रा, भानू पांडेय, किशोर यादव, सीएम लाल, पीके मिश्रा, संतोष मणि त्रिपाठी, प्रद्युम्न तिवारी, आनंद सिंह, संतोष दूबे, सतीष मद्धेशिया, हीरालाल कुशवाहा, मोहन कुशवाहा आदि मौजूद रहे।