मंदिर के पुनर्निर्माण और सुंदरीकरण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये स्वीकृत
सुकरौली। क्षेत्र के प्रसिद्ध वैष्णो मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होती दिख रही है। हाटा विधायक मोहन वर्मा की पहल पर मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रथम किस्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। अब मंदिर परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का कार्य कराया जाएगा। इसमें मंदिर भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था शामिल है। स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द ही कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेगा।
विधायक मोहन वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास के प्रति वह लगातार प्रयासरत हैं। सुकरौली का वैष्णो मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर का सुव्यवस्थित और सुंदर होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि स्वीकृत होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया है। उनका कहना है कि इससे न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होगी।
लोगों को उम्मीद है कि शेष धनराशि भी जल्द जारी होगी और मंदिर का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।