प्रदेश की सपा सरकार माफियाओं का संरक्षक बन गई है। बदमाश पुलिस से नहीं बल्कि पुलिस बदमाशों से डरने लगी है। सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब है। आए दिन लूट और हत्या की वारदातें हो रही हैं। जनता इस जंगलराज से जल्दी मुक्ति चाहती है।
ये बातें तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने हाटा विधान सभा क्षेत्र के झांगा बाजार पहुुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने सोमवार की शाम एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता सपा के जंगलराज से तंग आ चुकी है। हर आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। जिस तरह से देश की जनता ने सुशासन के लिए नरेंद्र मोदी के हाथों में बागडोर सौंपी थी, वैसे ही प्रदेश की जनता भी बीजेपी को विधानसभा चुनाव में जिताने का मन बना चुकी है। सभा को सांसद राजेश पांडेय, पूर्व विधायक अतुल सिंह, जितेंद्र प्रताप राव, जयप्रकाश शाही आदि ने भी संबोधित किया।
इस जनसभा में पहुंचने से पूर्व हाटा व झांगा बाजार में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत हुआ। पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रदीप सिंह और जिला पंचायत सदस्य अखिलेश दास गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष को चांदी का मुकुट पहना कर स्वागत किया। पूर्व विधायक अतुल सिंह, इंजीनियर कमलेश सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह, नंदकिशोर नाथानी, अग्रिवेश मणि, जिलाध्यक्ष जय प्रकाश शाही, तारा प्रसाद सिंह, राणा प्रताप राव, दिनेश सिंह, रत्नेश भारद्वाज, आरके मौर्या, अजय गुप्ता, विष्णु, आरती सिंह, दीपलाल भारती, विजय लक्ष्मी मिश्रा सहित कई अन्य नेताओं ने माला पहना कर स्वागत किया।