पडरौना। जनपद में निकाय चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल से लेकर मतपेटियां रखने के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है। 28 नवंबर को पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना की जाएंगी। पूरे जिले में 132 वार्ड सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष पद पर तीन और नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर चार का चुनाव होना है।
पडरौना नगर पालिका के 25 वार्डों में मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां 28 नवंबर को उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज से रवाना होंगी। मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियां इस विद्यालय के कक्ष संख्या एक में बने स्ट्रांग रूम में जमा की जाएंगी। मतगणना एक दिसंबर को इसी विद्यालय में प्रात: आठ बजे से होगी।
कुशीनगर के 27 वार्डों में मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां मालती पांडेय बालिका इंटर कॉलेज भलुही मदारीपट्टी से रवाना होंगी। इसी विद्यालय में मतपेटियां जमा की जाएंगी और मतगणना भी यहीं होगी।
हाटा नगर पालिका के 25 वार्डों में मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा से रवाना की जाएंगी। ये पोलिंग पार्टियां मतदान कराने के बाद पुन: इसी विद्यालय में बने स्ट्रांग रूम में पहुंचकर मतपेटियां जमा करेंगी तथा मतगणना कराएंगी।
कप्तानगंज नगर पंचायत के 17 और रामकोला के 12 वार्डों के लिए पोलिंग पार्टियां कनोडिया इंटर कॉलेज कप्तानगंज से रवाना होंगी। इसी विद्यालय में बने स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा की जाएंगी तथा मतगणना भी इसी विद्यालय में कराई जाएगी।
खड्डा नगर पंचायत के 12 वार्डों के लिए पोलिंग पार्टियां महात्मा गांधी इंटर कॉलेज खड्डा से रवाना होंगी। इसी विद्यालय में बने स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा होंगी तथा मतगणना भी यहीं होगी, जबकि सेवरही नगर पंचायत के 14 वार्डों के लिए पोलिंग पार्टियां तमकुहीराज तहसील से रवाना की जाएंगी। नायब तहसीलदार तमकुहीराज के न्यायालय कक्ष को स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां मतदान के बाद मतपेटियां जमा की जाएंगी। मतगणना एक दिसंबर को तहसील सभागार में सुबह आठ बजे से होगी।
इसकी पुष्टि करते हुए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतपेटियां जमा करने के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों का निर्धारण कर लिया गया है। निर्धारित स्थलों पर एक दिसंबर को मतगणना होगी।