- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, पकड़े गए युवक का शांतिभंग में चालान,
-चार दिन पूर्व की बताई जा रही है घटना, पुलिस बोली नहीं मिली कोई तहरीर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मथौली बाजार। युवती से मिलने घर में चोरी से दाखिल हुए युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। शोर मचाने पर गांववालों की भीड़ भी जुट गई। युवक की पिटाई कर लोगों ने कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंचे दो सिपाहियों ने युवक को हिरासत में ले लिया और बाइक पर बैठा लिया तभी एक महिला पास जाकर उसकी पिटाई करने लगी। लोगों के बीच-बचाव के बाद सिपाही युवक को लेकर चले गए।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में चार दिन पूर्व एक युवक प्रेम-प्रसंग के चक्कर में एक घर में दाखिल हो गया। इसकी जानकारी युवती के घरवालों को हो गई। लोगों ने मकान का गेट बंद कर दिया। शोर मचाने पर गांववालों की भीड़ जुट गई। नाराज लोगों ने युवक की पिटाई की।
सूचना पर दो सिपाही पहुंचे, मामला समझने के बाद युवक को हिरासत में लेकर बाइक पर बैठा लिया। अचानक एक महिला आई और पुलिस के साथ मौजूद युवक की पिटाई करने लगी। महिला का तेवर देख पुलिस देखती रह गई।
वहां मौजूद गांववालों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पुलिस युवक को लेकर थाने गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिपाहियों की माने तो जिस घर से युवक को हिरासत में लिया गया था। वहां पर गांववालों की भीड़ अधिक थी। इसलिए वहां बोलना ठीक नहीं था।
इस दौरान मथौली चौकी प्रभारी अभय कुमार राय ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है। तहरीर नहीं मिलने के कारण केस दर्ज नहीं हो सका। युवक किसी युवती से मिलने के लिए घर में घुसा था। पकड़े जाने पर लोगों ने पिटाई की।