-रघुनाथ त्रिपाठी हायर सेकेंडरी स्कूल कुबेरस्थान में आयोजित हुई प्रतियोगिता
-बालक वर्ग में बजरंग दल की टीम ने मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। गांधी जयंती के अवसर पर कुबेरस्थान स्थित रघुनाथ त्रिपाठी हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सोमवार को खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विद्यालय की चार-चार टीमें शामिल हुईं। छात्रा वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी की टीम विजेता और महादेवी वर्मा की टीम को उप विजेता घोषित किया गया।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बजरंग दल की टीम विजेता और महाराणा प्रताप टीम उप विजेता घोषित हुई। इसके अलावा कक्षा दसवीं और आठवीं की छात्राओं की टीम के बीच खो-खो की फाइनल प्रतियोगिता हुई। इसमें कक्षा दस की टीम को विजेता और कक्षा आठ की टीम को उप विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में अवधेश पांडेय व राजन पटेल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अंत में सभी विजेता और उपविजेता टीम को कुबेरस्थान एसओ पंकज कुमार गुप्त ने पुरस्कृत किया।
इस दौरान विनोद मणि त्रिपाठी, ओमप्रकाश तिवारी, अजय सिंह, अश्वनी पांडेय, दुर्गा दयाल तिवारी आदि मौजूद रहे।