कसया। कुशीनगर में आने वाले पर्यटकों और सैलानियों के लिए यह खुशखबरी है कि उनके वाहनों को खड़ा करने के लिए अब इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पडे़गी।
जल्द ही पुरातत्व विभाग की ओर से माथा कुंवर मंदिर के समीप बनाए जा रहे वाहन पार्किंग स्थल का श्रीगणेश किया जाएगा। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विख्यात है।
यहां पर हर वर्ष लाखों की संख्या में भारतीय और विदेशी पर्यटक और सैलानी भ्रमण करने आते हैं। उनके वाहनों को खड़ा करने के लिए अभी तक प्रशासन की ओर से कोई उचित प्रबंध नहीं किया गया है। इसको देखते हुए कुछ माह पूर्व पुरातत्व विभाग ने वाहनों को खड़ा करने के उद्देश्य से माथा कुंवर मंदिर के समीप बने व्याख्या केंद्र परिसर को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करना शुरू किया था।
जो निर्माण के अंतिम दौर में पहुंच चुका है। इस संबंध में पुरातत्व विभाग से जुडे़ पुरातत्व संरक्षण अधिकारी इंजीनियर पंकज तिवारी ने बताया कि पार्किंग स्थल के निर्माण की शुरूआत बीते नवंबर माह में प्रारंभ किया गया था। निर्माण में 16.50 लाख रुपये खर्च हुआ है।
अब निर्माण अंतिम दौर में चल रहा है। माह के समाप्त होते ही पूरा हो जाएगा। इसके बाद अप्रैल माह के पहले सप्ताह में पर्यटकों के वाहनों को निशुल्क खड़ा करने के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।