जिला स्टेडियम में बना तरणताल। संवाद
पडरौना। बच्चों और युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। स्टेडियम में बने बाल तरणताल को शुरू होने में अब करीब 15 दिन का इंतजार है। निर्माण कार्य की जांच में जो कमियां मिली थीं, उन्हें निर्माण एजेंसी ने दूर कर लिया है। अब हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दो हफ्ते में फिनिशिंग, वाटर फिल्टर प्लांट का ट्रायल और सुरक्षा इंतजाम पूरे होते ही तरणताल खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा।
बाल तरणताल का निर्माण बीते कई माह पहले ही पूरा हो गया था, लेकिन गुणवत्ता की शिकायतों के बाद इसकी जांच कराई तो जांच में टाइल्स उखड़ना, फिल्टर प्लांट की पाइपलाइन लीकेज और चेंजिंग रूम में सीलन जैसी कई कमियां पाई गई थीं। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को नोटिस देकर सभी कमियां दूर करने को कहा गया था। अब सभी बिंदुओं पर काम हो चुका है। टाइल्स दोबारा लग गई हैं, फिल्टर प्लांट का प्रेशर टेस्ट पास हो गया है और सीलन वाले हिस्से में वाटरप्रूफिंग कर दी गई है।
क्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब अगले 10-12 दिन में वाटर फिल्टर प्लांट का 72 घंटे का ट्रायल होगा। लाइफगार्ड, वॉचमैन और साफ-सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी इसी बीच पूरी कर ली जाएगी। 15 जुलाई तक तरणताल चालू करने का लक्ष्य है।