बोदरवार। बाहर कमाने गए व्यक्ति का दोस्त बनकर एक युवक लगभग 1.50 लाख रुपये के जेवर लेकर भाग गया। वह जेवर बनवाने के बहाने बाइक पर बैठाकर वृद्ध महिला को बीच सड़क पर छोड़कर चला गया। पीड़ित की तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मठिया निवासी स्व. रामदरश सिंह के घर मंगलवार की दोपहर में एक युवक बाइक से पहुंचा। 60 वर्षीय प्रभावती से उसने कहा कि आपके बेटे जितेंद्र ने कहा है कि हमारे घर चले जाओ और मेरी मां से कहना कि जो सोने की जंजीर टूटी है, उसे बनवा दो। युवक के झांसे में आकर प्रभावती उसके साथ सोने की दो जंजीरें व एक झुमका लेकर बोदरवार जाने के लिए बाइक पर बैठकर रवाना हो गईं। इसी बीच युवक ने कहा कि जेवर डिक्की में रख दीजिए, कहीं गिर न जाए। रेलवे ढाला के निकट पहुंचते ही उसने वृद्धा से कहा कि वह वहीं बैठें, वह अपने दोस्त को लेकर आ रहा है।
काफी समय तक वह युवक नहीं आया तो वह महिला अपने घर पहुंचकर अपनी पुत्रवधू से आपबीती बताई। यह सुनते ही जितेंद्र की पत्नी बेहोश हो गईं। लोगों ने घर पर ही एक डॉक्टर को बुलाकर इलाज कराया। होश नहीं आने पर उन्हें आनन-फानन में कप्तानगंज उपचार के लिए ले जाया गया। अब उनकी हालत ठीक है। उसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कप्तानगंज के थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।