पडरौना। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के संभाजन के बाद सोमवार को नई सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। इसके तहत जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 3013 से घटकर 2937 हो गई है। वहीं, मतदान केंद्रों की संख्या 1484 से बढ़कर 1490 हो गई है।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 25 के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। घोषित नई सूची में खड्डा, पडरौना, तमकुहीराज, फाजिलनगर, कुशीनगर, हाटा और रामकोला (अजा) विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 388 से घटकर 374, पडरौना में 434 से 420, तमकुहीराज में 455 से 444, फाजिलनगर में 472 से 458, कुशीनगर में 445 से 441, हाटा में 420 से 406 और रामकोला में 399 से घटकर 394 रह गई है। वहीं मतदन केंद्राें की संख्या 198, पडरौना में 181, तमकुहीराज में 225 से बढ़कर 228, फाजिलनगर में 256, कुशीनगर में 218 से बढ़कर 221, हाटा में 225 और रामकोला 181 हो गई है।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की नई सूची के संबंध में किसी भी प्रकार की आपत्ति या सुझाव देने के लिए 24 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इच्छुक व्यक्ति संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या उपजिलाधिकारी के तहसील कार्यालय में लिखित आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय, कुशीनगर में भी आपत्ति और सुझाव दिए जा सकते हैं।ी