लापता छात्रा की नहीं सुलझी गुत्थी, सुराग लगाने में पुलिस नाकाम
पकवा इनार। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सिरसिया हेतिमपुर से लापता छात्रा की गुत्थी घटना के चौथे दिन सोमवार को भी सुलझ नहीं पाई। हालांकि पुलिस प्रभारी प्रधानाचार्य की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर तलाश करने की बात कह रही है। पुलिस लापता छात्रा के खोजबीन में किसी भी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है।
छात्रा के छात्रावास से लापता होने की घटना से उत्पन्न हुए सवाल व उससे जुड़े जिम्मेदारों के जवाब से ही कुछ हद तक सफलता मिल सकती है। लेकिन घटना के चार दिन बीत चुके हैं, अब तक न तो विद्यालय प्रशासन व न ही समाज कल्याण विभाग कुछ ठोस सफलता हासिल करने का संकेत दे रहा। पुलिस लापता छात्रा की तलाश व दर्ज केस के आधार पर क्या जांच कर रही है। किनसे-किनसे सुराग लगाने में मदद ले रही आदि की जानकारी भी पुलिस नहीं दे पा रही।
विद्यालय में प्रवेश रहा प्रतिबंधित, अंदर चल रही थी जांच
घटना के चौथे दिन सोमवार की दोपहर बाद करीब एक बजे डीपीओ/प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी विनय कुमार आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सिरसिया हेतिमपुर पहुंचे। वहां विद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य सुमन शर्मा से करीब एक घंटे तक बातचीत की। इस कक्ष में डीपीओ ने प्रधानाचार्य से घटना के किन-किन बिन्दुओं पर पूछताछ की। इसकी जानकारी किसी ने नहीं दिया। यही नहीं इस दौरान विद्यालय गेट पर पहुंचने वाले लोगों का अंदर प्रवेश नहीं होने दिया जा रहा था। यहां तक कि विद्यालय में पढने वाली छात्राओं को अंदर कोई सामान आदि भेजने के लिए भी काफी मशक्कत उठानी पड़ी। गेट पर तैनात गार्ड की सतर्कता व सजगता अधिक थी। प्रवेश किसका होगा या नहीं, वह गेट पर उस व्यक्ति का नाम जानकर अंदर प्रधानाचार्य से पूछकर आता था, अनुमति मिलने पर ही कोई प्रवेश कर पा रहा था। सवाल यह है कि गार्ड की सक्रियता व सजगता व विद्यालय प्रशासन की कड़ाई पूर्व में रही होती तो यह स्थिति न उत्पन्न हुई होती।
0000000
चार पहिया नहीं, दोपहिया से विद्यालय पहुंचे थे डीपीओ
डीपीओ/प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी विनय कुमार आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सिरसिया हेतिमपुर में चार दिन पूर्व बीते शुक्रवार देर शाम को लापता कक्षा नौवीं की छात्रा के बारे में जांच करने चारपहिया नहीं दो पहिया से पहुंचे थे। डीपीओ एक घंटे तक विद्यालय के अंदर किस-किस से पूछताछ किए।क्या उन्हें फीडबैक मिला। एक घंटे बाद करीब दोपहर दो बजे बाइक पर पीछे बैठकर तेजी से गेट से निकल गए।
0000000
जिम्मेदार मामले में नहीं कर रहे बात
आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सिरसिया हेतिमपुर से कक्षा नौवीं की छात्रा लापता होने के मामले में कोई जिम्मेदार अधिकारी बात नहीं कर रहे हैं। यह स्थिति विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन शर्मा व डीपीओ विनय कुमार का है। सोमवार दोपहर बाद प्रधानाचार्य के नंबर पर संपर्क करने पर पहले काल रिसीव नहीं हुई। वह दूसरी बार किसी अन्य ने रिसीव किया। वे बातचीत में कुछ बताने में असमर्थता जताई। इसके अलावा डीपीओ के नंबर पर चार से पांच बार संपर्क किया गया, लेकिन एक भी बार रिसीव नहीं हुआ। उन्हें फिर व्हाट्सएप्प पर मैसेज कर जानकारी ली गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
00
जांच में छात्रा के गांव पहुंची पुलिस
आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय सिरसिया हेतिमपुर से लापता कक्षा नौवीं की छात्रा के गांव गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के गांव पाली में सोमवार को कुशीनगर पुलिस तहकीकात करने पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा के घर से उसका नगर निगम गोरखपुर से निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, कक्षा आठवीं उत्तीर्ण विद्यालय से निर्गत अंकपत्र, पिता का आधार कार्ड, छात्रा के भाई का आधार कार्ड की छायाप्रति आदि साक्ष्य के तौर पर जुटाई। पिता ने बताया कि पुत्री के स्वभाव के बारे में जानकारी पुलिस ने प्राप्त कर शाम करीब साढ़े पांच बजे वापस लौट गई। पिता ने पुत्री के निर्गत जन्म प्रमाण पत्र में अंकित जन्म तिथि 11 फरवरी 2008 बताई है। पिता ने कहा कि मैं बहुत दुखी हूं। घटना के चार दिन बाद भी पुत्री का पता नहीं चल सका है।