खड्डा। गन्ने के खेत में जिस युवक की लाश खून से लथपथ मिली थी, उसकी हत्या प्रेम प्रसंग में नहीं हुई थी। जांच में पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि गांजा पीने के बाद नशे में उसके दोस्त ने उसकी पिटाई कर मौत के घाट उतारा था। सीडीआर की मदद से पुलिस दोस्त तक पहुंच गई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस बहुत जल्द घटना का पर्दाफाश कर सकती है।
खड्डा थाना क्षेत्र के लखुआ गांव निवासी 22 वर्षीय रमजान मंगलवार की रात मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकला। परिजन भोजन करने के लिए कहे तो थोड़ी देर में आने की बात कह कर चला गया। देर होने पर रमजान को घर वाले फोन किए तो कहा बहुत गर्मी है नहर के पास हूं, अभी आता हूं। रात नौ बजे के बाद इसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। बुधवार को सुबह बंजारी पट्टी गांव के पास गन्ने के खेत में युवक की लाश मिली। इसके सिर और गर्दन पर चोट के निशान थे। घर वाले हत्या कर लाश फेंकने का आरोप लगाने लगे। सूत्रों की मानें तो पुलिस घटना की जांच प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग मानकर कर रही थी। लेकिन, रमजान के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई गई और इसके आधार पर सोहरौना गांव के उसके दोस्त को हिरासत में लिया तो मामला दूसरी तरफ घूम गया। अब तक के जांच में पुलिस को पता चला है कि हिरासत में लिया गया दोस्त और रमजान दोनों ने एक साथ गांजा का सेवन किया। नशे के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और दोस्त ने रमजान की पीटकर हत्या कर दी। सवाल उठ रहा है कि दोस्त अकेले कैसे घटना को अंजाम दे सकता है। लेकिन पुलिस को संदेह है कि इसमें और लोग शामिल हो सकते हैं। आखिर रमजान की क्यों और किस लिए हत्या की गई है। इस पहलु पर पुलिस अभी जांच कर रही है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि गांजा पीने के बाद दोस्त ने ही पीटकर रमजान की हत्या की है। इसकी जांच की जा रही है। दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।