पडरौना। खड्डा के सिसवा गोपाल गांव में गन्ने के खेत में शुक्रवार को सुबह तेंदुआ फंसा था और छटपटा रहा था। इसकी जानकारी हुई तो गांव वालों की भीड़ जुट गई। मौके पर वन विभाग की टीम भी पहुंच और तेंदुए को जाल में पकड़कर ले जाने लगी इस बीच तेंदुआ जाल काटकर भाग गया। इसमें दो लोगों को हल्की चोट आई है।
वन विभाग की टीम स्थानीय पुलिस की मदद से तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग की तीन टीम कांबिंग कर रही है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए पिंजड़ा भी लगाया गया है। गांव वालों को सतर्क रहने और सरेह में न जाने की अपील वन विभाग की टीम ने की है। तेंदुए को लेकर लोगों में अभी भी दहशत बना है।
जिले के खड्डा तहसील क्षेत्र सिसवा गोपाल गांव के सरेह में गए गांव वालों ने गन्ने के खेत में फंसे तेंदुए को देख शोर मचाया। शोर सुनकर लाठी डंडा लेकर लोग पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। डीएफओ और खड़्डा के रेंजर अपनी टीम के साथ जाल लेकर मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक गन्ने के खेत में तेंदुआ फंसा रहा। इस दौरान वन विभाग की टीम जाल में तेंदुआ को पकड़ लिया और लेकर आने लगी। इसके बाद वहां जुटे लोग ने शोर मचाने लगे, इस दौरान जाल फट गई। जाल को छोड़ वन विभाग की टीम व गांव वाले भाग खड़े हुए। सरेह में लगे गन्ने की फसल के बीच तेंदुआ छिप गया।
गंडक पुल के आस-पास सरेह में पुलिस की मदद से वन विभाग की टीम कांबिंग कर रही है, लेकिन तेंदुआ दोबारा दिखाई नहीं दिया। तेंदुआ की तलाश में देर शाम तक सरेह में वनकर्मी और पुलिसकर्मी जमे रहे। वन विभाग की टीम ने गांव वालों को सतर्क करते हुए एनाउंस कराया कि गांव का कोई भी व्यक्ति सरेह में नहीं जाएगा। गांव में भी लाठी डंडा लेकर झुंड में निकलेगा। डीएफओ ने गोरखपुर चिड़ियाघर के अधिकारियों से भी तेंदुआ को पकड़ने के लिए मदद की मांग किया है।