खड्डा। जनपद से सटे बिहार प्रांत के बगहां नगर में मां-बेटी की हत्या कर शव को एसिड से जलाने के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक अधिवक्ता सहित तीन के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। मृतका शोभा के भाई की मानें तो अधिवक्ता और उसकी बहन से जमीन का विवाद था। इसे लेकर दोनों के बीच एक सप्ताह पहले झगड़ा भी हुआ था। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।बगहां नगर स्थित शोभा तिवारी (50) और उनकी पुत्री खुशबू (22) की मंगलवार की देर रात निर्ममता से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घर का दरवाजा बुधवार को बाहर से बंद मिला था। अंदर से दरवाजे के रास्ते खून बाहर निकल रहा था। इसे देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा खोलकर घर के अंदर पहुंची थी। दोनों के शरीर पर एसिड डाल जला दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। बुधवार देर रात मुजफ्फरपुर से एफएसएल टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किया था। मोबाइल फोन के काॅल डिटेल से भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
इस बीच बृहस्पतिवार को मृतका शोभा तिवारी के भाई संतोष तिवारी ने पुलिस को तहरीर सौंपकर हत्या के लिए पटखौली गांव निवासी चन्नू पांडेय तथा इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार रवि कुमार व बगहां न्यायालय के अधिवक्ता कृष्ण मोहन पाठक को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के भी इस कांड में सहभागी होने की बात बताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताते चलें कि मां-बेटी की हत्या से स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा है। पुलिस इस प्रकरण में सघनता से तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। इस मामले में देर शाम तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
मृतका शोभा तिवारी के भाई संतोष तिवारी ने बताया कि बगहा न्यायालय में अधिवक्ता कृष्ण मोहन के साथ उनकी बहन का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतका के भाई संतोष का आरोप है कि एक सप्ताह पहले अधिवक्ता व शोभा में झगड़ा हुआ था। उस समय अधिवक्ता की तरफ से उनकी बहन को धमकी दी गई थी।
इस संबंध में बगहां के डीएसपी देवेंद्र कुमार का कहना है कि मृतका के भाई की तहरीर व बयान के आधार पर तीन लोगों को नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है। शीघ्र ही इस केस से पर्दा उठ जाएगा।
00000
जांच में पुलिस को मिले हैं कुछ सुराग-
पुलिस सूत्रों की मानें तो एसएफएल टीम को जांच के दौरान मृतका के घर के अंदर दीवार पर कुछ फिंगरप्रिंट प्राप्त हुए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि यह हत्यारों की हो सकती है। नामजद तीनों लोगों की पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस को आशंका है कि मारने से पहले नशीला पदार्थ खिलाया गया होगा।
00
मां का मिला मोबाइल, बेटी का गायब
पुलिस की जांच-पड़ताल में मृतका शोभा तिवारी का मोबाइल मिल गया है, लेकिन उसकी बेटी खुशबू का मोबाइल नहीं मिला है। पुलिस ने बरामद मोबाइल को कब्जे में लेकर उसकी सीडीआर जांच शुरू कर दी है। सीडीआर के आधार पर कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है। उसके आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने मृतका के पुत्र अविनाश से भी जानकारी ली है।