फाजिलनगर। स्थानीय पावानगर महावीर इंटर काॅलेज के राजमालती स्टेडियम में आयोजित 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप-बी के दूसरे मैच में शौर्य क्रिकेट क्लब इंदौर की टीम ने दिल्ली चैलेंजर्स को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना लिया। इंदौर के खिलाड़ी विक्रांत सिंह भदौरिया को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह मैच बृहस्पतिवार को खेला गया।
इंदौर के कप्तान हर्ष त्यागी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्रणक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 30 ओवरों के मैच में नौ विकेट खो कर 347 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के खिलाड़ी गौरव तोमर ने 91 रन, मोनू 78 रन, आईपीएल खिलाड़ी अनुरीत सिंह 40 रन, कप्तान अंकित त्रिपाठी ने 36 रन, अमन अल्वी 26 आशिफ खान ने 21 रनों का योगदान दिया।
इंदौर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए प्रिंस मौर्या तथा विवेक सिंह ने तीन-तीन विकेट, नवनीत कुमार तथा प्रथम सलूजा तथा विक्रांत सिंह ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम रोमांचक मुकाबले में 29.1 ओवर में छह विकेट खो कर मैच को जीता लिया। इसमें अमन यादव ने 98 रन, विक्रान्त सिंह भदौरिया 84 रन, हर्ष त्यागी ने 54 रन, हिमांशु सिंह 52 रन, सम्यक 41 रनों का योगदान देकर टीम को विजय दिला दिया।
दिल्ली की तरफ से प्रशांत चौधरी ने दो विकेट, मोहित कनौजिया, अमन अल्वी तथा मोनू शुक्ला एक-एक विकेट लिए। मैच की अंपायरिंग बीसीसीआई पैनल अंपायर एपी सिंह तथा संतोष सिंह ने किया जबकि थर्ड अंपायर अशोक शर्मा और नदीम रहे। मैच का स्कोरिंग बीसीसीआई के स्कोरर एसपी सिंह ने किया। 84 रनों का पारी खेलते हुए एक विकेट लेने वाले दिल्ली के खिलाड़ी विक्रांत सिंह भदौरिया को मैन ऑफ द मैच का पांच हजार नकद पुरस्कार और ट्राफी लखनऊ के आरटीओ संजय शुक्ला और पूर्व एमएलसी रामू द्विवेदी ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
इसके पूर्व युवा व्यवसायी पंकज पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। इस दौरान संरक्षक रिटायर्ड आरटीओ अजय त्रिपाठी, अपराजिता सिंह, डॉ. केपी सिंह आदि उपस्थित रहे।