कुशीनगर के इसी हाईवे पर लगेगी स्ट्रीट लाइट। संवाद
पडरौना/कसया। नगरपालिका कुशीनगर में साढ़े तीन करोड़ की लागत से पांच किलोमीटर लंबाई में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए नगरपालिका परिषद ने बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। इसकी स्वीकृति दीपावली तक मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद शहर से गुजरे हाईवे पर डबल आर्म सिस्टम के तहत हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस तरह एनएच रोशनी से जगमग हो जाएगा। रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को सहूयत मिलेगी, वहीं दुर्घटना में भी कमी आएगी।
राजमार्ग के किनारे पकवा इनार से मल्लूडीह तक करीब पांच किलोमीटर कुशीनगर नगर पालिका की सीमा लगती है। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली के अलावा कसया नगर, गोपालगढ़, बरवां जंगल, प्रेमवलिया व मल्लूडीह दुर्घटना की दृष्टि से काफी संवेदनशील हैं। जिले के ब्लैक स्पाॅट की सूची में भी इन चौराहों का नाम है। यह स्थल काफी संवेदनशील व दुर्घटनाग्रस्त इलाके में राजमार्ग ने भी चिन्हित कर रखा है। जब इस एनएच पर डबल आर्म की स्ट्रीट लाइटें लग जाएंगी तो शाम को अंधेरा होने के बाद दूधिया रोशनी से राजमार्ग नहा उठेगा।
इसके अलावा कुशीनगर नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाले एनएच-28 का आकर्षण भी बढ़ जाएगा। लाइट लगने के बाद इन स्थानों पर होने वाले हादसों पर भी बहुत हद तक अंकुश लग जाएगा। नगरपालिका प्रशासन वार्ड नंबर-6 बाबा साहेब आम्टेनगर (पकवा इनार) से वार्ड नंबर-7 संत गाडगे नगर तक करीब पांच किलोमीटर लंबाई में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाएगा। इस कार्य पर नगर पालिका की तरफ से 3.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए नगर पालिका की तरफ से बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया है। दीपावली के आसपास इसकी स्वीकृति भी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शासन की तरफ से इस कार्य के लिए अनुमति मिलते ही डबल आर्म लाइट लगाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।