तमकुहीरोड। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 37,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले करीब 550 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी है। यह एक्सप्रेसवे गोरखपुर से कुशीनगर होते हुए बिहार के 39 प्रखंडों और 313 गांवों से होकर सिलीगुड़ी तक पहुंचेगा। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में भी इसके गुजरने से विकास की नई संभावनाएं बनने की उम्मीद है। तमकुहीराज क्षेत्र में प्रस्तावित एक्सप्रेसवे पकड़ियार पश्चिम पट्टी, सुमही रानी, परसा उर्फ सिरिसिया, जगदीशपुर, सुमही बुजुर्ग उर्फ मेहदिया, सुमही मोहन सिंह, जवही दयाल समेत 40 से अधिक गांवों से होकर गुजरेगा और गंडक नदी के रास्ते बिहार में प्रवेश करेगा। पहले प्रस्तावित एलायमेंट के अनुसार एक्सप्रेसवे से सेवरही नगर पंचायत के चार वार्ड प्रभावित हो रहे थे। इसमें 72 से अधिक लोगों के मकान इसकी जद में आ रहे थे। इसे लेकर क्षेत्र में भारी विरोध हुआ था। विरोध के बाद एलायमेंट में बदलाव किया गया, जिसके चलते अब नगर पंचायत के चारों वार्ड एक्सप्रेसवे की जद से बाहर हो गए हैं।