हाटा-जगदीशपुर के बीच हुई कार्रवाई, ट्रक में खास जगह बनाकर छिपाया था गांजा
करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही कीमत
गोरखपुर। नेपाल से बिहार ले जाई जा रही गांजे की खेप को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) गोरखपुर की टीम ने जब्त किया है। गोरखपुर-कुशीनगर के बीच कार्रवाई के दौरान ट्रक से 591.3 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। गांजा ले जा रहे आरोपी कार्रवाई के दौरान मौके से भाग गया। डीआरआई की टीम उसकी तलाश और तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गांजे की खेप नेपाल से बिहार पहुंचाई जानी थी। तस्करों ने इसे ट्रक में छिपाने के लिए खास जगह बना रखी थी ताकि सामान्य जांच में गांजा पकड़ में न आए। डीआरआई गोरखपुर की टीम को ट्रक के जरिये गांजे की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने गोरखपुर और कुशीनगर के बीच कार्रवाई की। ट्रक की जांच करने पर उसमें छिपाकर रखा गया 593 किलो गांजा बरामद हुआ।
टीम ने गांजे को जब्त कर लिया। बरामद गांजे की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक से गांजा ले जा रहे लोग पकड़ में नहीं आ सके और मौके से भाग निकले। डीआरआई की टीम अब गांजे की खेप से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे को नेपाल से बिहार पहुंचाने की योजना में किन लोगों की भूमिका थी। मामले में आगे की जांच जारी है।