पडरौना। नगरीय और ग्रामीण इलाकों में पंडालों में स्थापित मां दुर्गा समेत सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के पट बुधवार को खोल दिए गए। दर्शन-पूजन के लिए पंडालों में श्रद्धालु उमड़ पड़े। पूजा के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों की ओर से कतार लगाकर ही श्रद्धालुओं को पंडाल में जाने दिया जा रहा था।
पडरौना शहर के बेलवा चुंगी, भारीय शिवाला मंदिर, बावली चौक, साहबगंज कन्या पाठशाला परिसर, हठी माई स्थान, धर्मशाला रोड समेत अन्य जगहों पर भी प्रतिमाओं के पट खुलने के बाद लोगों ने दर्शन पूजन किया। निशा पूजा के बाद पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। पडरौना शहर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सजाए गए आकर्षक पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के विविध स्वरूपों की आराधना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी तरह देवी मंदिरों में भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने के साथ ही पडरौना के बुढ़िया माई मंदिर, बलुचहां के लखरांव मंदिर, छावनी के दुर्गा मंदिर व हट्ठी माता मंदिर सहित खह्नवार मंदिर, खिरकिया मंदिर, धर्मसमधा मंदिर, मैनपुर कोट स्थान, कुलकुला देवी मंदिर आदि देवी मंदिरों में जहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है, वहीं सप्तमी की रात निशा पूजा के बाद पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया है।
पडरौना शहर में सजाए गए 60 से अधिक पंडालों में दुर्गा पूूजा कमेटियों के सदस्य तन, मन, धन से दुर्गा पूजा को भव्यता देने में लगे हैं। पंडालों को जहां आकर्षक तरीके से सजाया गया है, वहीं पंडालों के बाहर पथ प्रकाश की व्यवस्था भी की गई है। सुबह-शाम पूजा, घंटा ध्वनि बजने और आरती के चलते माहौल भक्तिमय हो गया है। पंडालों में आए श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए हर पंडाल में एक कांस्टेबल या होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पूरे नगर के पंडालों पर नजर रखी हुई है।
नगर पालिका पडरौना अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सजे मां दुर्गा पंडाल में स्थापित प्रतिमा के नेत्र पट खोलकर आशीर्वाद मांगा। उन्होंने नगर के महाराजा अग्रसेन नगर वार्ड के साहबगंज स्थित कन्या पाठशाला में स्थापित देवी मां के नेत्र पट खोला। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म से शरद ऋतु परिवर्तन के बीच पड़ने वाला यह पर्व शरीर को मौसम के अनुरूप ढालने का काम करता है। जिससे पाचन शक्ति मजबूत होती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता में विकास होता है।
इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, राजकुमार चौरसिया, अभय मारोदिया, जितेंद्र दत्त पांडेय, आशीष चौरसिया, आकाश चौरसिया, विश्वनाथ गुप्ता, गिरिजाशंकर गुप्ता, मुरली अग्रवाल, आलोक गुप्ता, विजय गुप्ता, सूरज कश्यप, अभिनव चौरसिया, अमृत अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, चित्रांश चौरसिया, प्रथम गुप्ता, रुद्र गुप्ता, शैलेश मद्धेशिया आदि मौजूद रहे।