गंगुआ बाजार। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव में बंदर के उत्पात से लोग परेशान हैं। बंदर अब तक 10 लोगों को काटकर घायल कर चुका है। गांव वालों ने वन विभाग से बंदर को पकड़वाने की मांग की है।
बिहार बुजुर्ग गांव में पिछले एक सप्ताह से एक बंदर उत्पात मचा रखा है। ट्रैक्टर लेकर गुजरने वाले या उस पर बैठने वाले लोगों पर हमला कर वह जख्मी कर दे रहा है। गांव के लोगों में इस कदर दहशत व्याप्त है कि लोग घर में ही रहने को मजबूर हो गए हैं। अब तक गांव के राजकिशोर पांडेय, पारस भारती, तुफानी, आयुष कुमार, रवीश पांडेय, शांति देवी समेत 10 लोगों को बंदर ने काटकर घायल कर दिया है। इस संबंध में वन दरोगा तमकुहीराज रमेश गुप्ता ने बताया कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। ग्राम प्रधान के सहयोग से बंदर को पकड़वाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद