कुशीनगर (ब्यूरो)। रामकोला क्षेत्र में मिट्टी खोदते समय अड़ार (मिट्टी) गिरने से दो बच्चियां दब गईं। जब तक लोग उन्हें बाहर निकालते एक बच्ची की मौत हो चुकी थी। दूसरी बच्ची ने सीएचसी जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
रामकोला और लक्ष्मीगंज प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार की शाम रामकोला थाना क्षेत्र के लालाछपरा गांव के निवासी मुन्ना सिंह की नौ वर्ष की बेटी अनुष्का और मंसूर अली की आठ वर्षीय बेटी शहाना घर की जरूरत के लिए गांव के पास एक गड्ढे से मिट्टी लाने गई थीं।
करीब छह बजे मिट्टी खोदते समय अड़ार गिरने से दोनों दब गईं। बगल में मौजूद एक बच्ची ने यह देखकर शोर मचाया। जब तक लोग पहुंचकर दोनों को बाहर निकालते तब तक शहाना की मौत हो चुकी थी। अनुष्का को लेकर परिवार के लोग रामकोला सीएचसी पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनुष्का गांव के प्राथमिक विद्यालय की दूसरी कक्षा की छात्रा थी। इस घटना से दोनों बच्चियाें के घरों पर गमजदां लोग जुटने लगे।