पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के सिरसिया कला गांव के बसंतपुर टोले में सोमवार को तीन वर्षीया जोहरा की इंसेफेलाइटिस से मौत हो गई। पांच नवंबर को जोहरा की बड़ी बहन शारजहाना खातून की भी इंसेफेलाइटिस से मौत हुई थी। गांव के दो बच्चों का अभी इलाज चल रहा है।
क्यामुद्दीन की छह वर्ष की बेटी शारजहाना दस दिन पूर्व तेज बुखार और उल्टी की चपेट में आई। परिवार के लोगों ने नेबुआ नौरंगिया सीएचसी में इलाज कराया।
पांच नवंबर को डॉक्टर की सलाह पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन जहां उसकी मौत हो गई। पांच नवंबर को कयामुद्दीन अपनी बड़ी बेटी का शव दफन करके लौटे तो तीन वर्षीया बेटी जोहरा को बुखार और शरीर में ऐंठन की शिकायत मिली।
परिवार के लोग उसे लेकर नेबुआ नौरंगिया सीएचसी पहुंचे। इलाज के बाद जोहरा घर आ गई लेकिन रविवार को उसे दोबारा बुखार चढ़ गया। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी भी मौत हो गई।
गांव के ही नियामत के आठ वर्षीय बेटा अशफाक का कप्तानगंज में और राजेश की पांच वर्षीया बेटी नीलम का जिला अस्पताल में एक सप्ताह से इलाज चल रहा है।
दोनों बच्चे तेज बुखार से पीड़ित बताए जाते हैं। नेबुआ नौरंगिया के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर विमलेंदु भूषण ने कहा कि मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजी जाएगी।