मंसाछापर/पडरौना। जिले के 37 विद्यालयों के मान्यता पर संकट गहरा गया है। यू डायस पोर्टल पर स्टूडेंट डाटा अपलोड नहीं करने पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इन विद्यालयों को नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगने का निर्देश दिया है। बीएसए के सख्ती से जिम्मेदारों में खलबली मची हुई है। तीन दिन के अंदर सभी 37 विद्यालयों के जिम्मेदारों को नोटिस का जवाब देना है। पांच अगस्त को बीएसए ने सभी विद्यालयों के जिम्मेदारों को 15 दिन के अंदर तक सभी स्टूडेंट का डाटा शत प्रतिशत अपलोड करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार इसको लेकर जागरूक नहीं हुए। लगातार निर्देश देने के बाद भी जिले के 37 विद्यालयों के जिम्मेदारों ने कोई रुचि नहीं लिया और उनकी प्रगति शून्य रही। बीएसए डॉक्टर रामजियावन मौर्य ने इस सभी जिम्मेदारों के विरुद्ध नाराजगी जताया है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इन विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता क्यों न समाप्त की जाए इसके लिए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि जिम्मेदारों के जवाब देने के बाद कार्रवाई तय मानी जा रही है।