पडरौना। ग्रामीण रसोइयां कल्याण मोर्चा की बैठक रविवार को पडरौना नगर के जूनियर हाईस्कूल में हुई। इस बैठक में शामिल रसोइयों ने उत्पीड़न बंद करने की मांग की। साथ ही जिन रसोइयों को काम से बेदखल कर दिया गया है, उन्हें फिर से काम करने का अवसर दिए जाने की मांग भी की।
संगठन के संयोजक जयप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि जिले के कई प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत रहीं रसोइयों को काम से बेदखल कर दिया गया है। इस कारण उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन रसोइयों को विभाग से निकाल दिया गया है, उन्हें काम पर फिर से वापस लिया जाए। इसके साथ ही रसोइयों का उत्पीड़न भी बंद किया जाए। बैठक में मौजूद रसोइयों ने एक स्वर से उन्हें अपने पद पर स्थायी कर वेतन दिए जाने की मांग की। इनका कहना था कि यदि विभाग ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो वे मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगी। बैठक में सुगंती देवी, विश्वनाथ, राजेश गोंड, शिवकुमारी, रामप्यारे, दुर्गा गुप्ता, राबड़ी देवी, अमरावती देवी, सुरसती देवी, आशा, सुनरपति, गुदिया, सोना, लीलावती, गायत्री, सैफुन नेेशा, राजपति, प्रभावती आदि मौजूद थीं।