उजारनाथ। तमकुही ब्लॉक के सपही बुजुर्ग में एएनएम सेंटर को आधा-अधूरा छोड़कर ठेकेदार चला गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सपही बुजुर्ग, सपही खास, पकड़ी गोसाईं सहित आसपास के गांव के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सपही गांव में तीन वर्ष पूर्व लगभग 28 लाख की लागत से एएनएम सेंटर का निर्माण शुरू हुआ था।
गांव में निर्माणाधीन एएनएम सेंटर के काम को आधा-अधूरा छोड़ कर ही ठेकेदार चला गया। भवन का रंग-रोगन, फर्स, विद्युतीकरण, पेयजल, बाउंड्रीवाल आदि कार्य बाकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य एक साल से बंद पड़ा है। शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान महेश प्रसाद चौधरी, राजेश यादव, राजन, रहीम अंसारी, आफताब, विनय श्रीवास्तव, इंद्रजीत, राजेश प्रसाद, सुनील प्रसाद, अलावर अंसारी आदि ने निर्माण कार्य पूरा कराकर एएनएम सेंटर के संचालन की मांग की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य तमकुही के अधीक्षक अमित राय ने बताया है कि ठेकेदार काम क्यों पूरा नहीं किया इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को अवगत कर जल्द अधूरे भवन का निर्माण पूरा कराया जाएगा।
ठेकेदार अजय पांडेय ने बताया कि एक्सईएन का ट्रांसफर होने के कारण पैसा नहीं आया है। दूसरे एक्सईएन के आने के बाद पैसा मिलने पर काम चालू कराया जाएगा। वैसे अभी सैकड़ों बोरी सीमेंट वहीं पर खराब हो गया है।